विशेष रिपोर्ट
अनुराग सिंह बिष्ट
उत्तर प्रदेश/ मिर्जापुर
साहित्यकार बृजदेव पांडेय के 88वें जन्मवर्ष पर हुआ सम्मान, वक्ताओं ने बताया संस्कृति का सजग प्रहरी
अध्ययन, साधना और साहित्य के जरिए विंध्य की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करने में दिया योगदान
मिर्जापुर। साहित्यकार बृजदेव पांडेय के 88वें जन्मवर्ष पूर्ण होने पर डॉ. भवदेव पांडेय फाउंडेशन की ओर से नगर के तिवरानी टोला में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें साहित्य, संस्कृति, शिक्षा और समाजसेवा से जुड़े लोगों ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें विंध्य क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत का सजग प्रहरी बताया। वक्ताओं ने कहा कि बृजदेव पांडेय ने अपने अध्ययन, लेखन और चिंतन से क्षेत्र की साहित्यिक परंपरा को समृद्ध किया है। इस दौरान उन्हें माल्यार्पण कर अभिनंदन पत्र और पुष्प भेंट किए गए। घनश्याम ओझा ने अभिनंदन पत्र का वाचन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पं. रत्नाकर मिश्र और विशिष्ट अतिथि डॉ. योगानंद गिरि रहे। कुलपति डॉ. शिशिर पांडेय ने अतिथियों का स्वागत किया। यथार्थ पांडेय ने बृजदेव पांडेय को मां विंध्यवासिनी की तस्वीर भेंट की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजेंद्र तिवारी ने किया।
88 वर्ष की उम्र में भी पांच घंटे अध्ययन
डॉ. योगानंद गिरि ने बृजदेव पांडेय की अध्ययनशीलता और जीवनचर्या की सराहना करते हुए कहा कि 88 वर्ष की उम्र में भी उनका प्रतिदिन पांच घंटे अध्ययन करना उनकी ज्ञान-साधना का प्रमाण है। उन्होंने उनके लेखों और विचारों को लिपिबद्ध कर सुरक्षित रखने पर जोर दिया। कहा कि प्राचीन काल से ही गुरु-शिष्य परंपरा भारतीय ज्ञान परंपरा की आधारशिला रही है। नालंदा विश्वविद्यालय के विनाश के बाद भी लोकस्मृतियों और जनश्रुतियों के सहारे ज्ञान की परंपरा जीवित रही। आज इसी विरासत के बल पर भारत फिर विश्वगुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
विंध्य क्षेत्र की सांस्कृतिक महिमा का बखान
मुख्य अतिथि पं. रत्नाकर मिश्र ने विंध्य क्षेत्र की महिमा का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां की सांस्कृतिक चेतना और आध्यात्मिक परंपरा विशिष्ट है। विंध्य क्षेत्र को उन्होंने मणिद्वीप की संज्ञा देते हुए कहा कि यहां की संस्कृति और ज्ञान परंपरा का व्यापक प्रसार होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मिर्जापुर उदारता और प्रत्येक प्राणी में ब्रह्म का दर्शन करने की परंपरा वाला नगर है। जिले में चिरैया बाबा, बिलरिया बाबा और हंडिया बाबा जैसे संतों की स्मृतियां इसकी आध्यात्मिक विरासत को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि बड़े साहित्यकारों ने इस क्षेत्र से ज्ञान प्राप्त किया, लेकिन विंध्य की सांस्कृतिक और साहित्यिक विशेषताओं को पर्याप्त स्थान नहीं दिया। प्रेमघन के बाद डॉ. भवदेव पांडेय ने भी क्षेत्र की साहित्यिक विरासत को समृद्ध करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
पं. मिश्र ने भारतीय दर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि सच्चा ज्ञानी वही है जो हाथी, कुत्ते, ब्राह्मण और चांडाल में समान भाव से देखता है। लोभ और माया से विरक्त होकर ही मनुष्य ब्रह्म की प्राप्ति की दिशा में आगे बढ़ सकता है।
लोक साहित्य और साहित्यकारों के योगदान पर चर्चा
ऊषा कनक पाठक ने बृजदेव पांडेय को शुभकामनाएं देते हुए लोक साहित्य और लोकगीतों की विकास यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने आचार्य रामचंद्र शुक्ल, बंग महिला, सूर्यकांत त्रिपाठी निराला, पांडेय बेचन शर्मा ‘उग्र’, देवकीनंदन खत्री और डॉ. भवदेव पांडेय सहित अनेक साहित्यकारों के योगदान की चर्चा की। उन्होंने कहा कि साहित्य की परंपरा लोकजीवन, लोकभाषा और सामाजिक अनुभवों से समृद्ध होती रही है।
यथार्थ पांडेय ने कहा कि बृजदेव पांडेय ने पराधीनता, स्वाधीनता और आधुनिकता के विभिन्न दौर देखे हैं। उनका अनुभव और ज्ञान समाज के लिए अमूल्य धरोहर है। उन्होंने उनके दीर्घायु होने की कामना करते हुए ‘जीवेम शरदः शतम्’ का संदेश दिया। रेवती नक्षत्र की आकृति और मृदंग के आकार का उल्लेख करते हुए उन्होंने भारतीय परंपराओं में निहित सांस्कृतिक प्रतीकों की ओर भी ध्यान आकर्षित किया।
गणेश गंभीर ने कहा कि पहले विद्वानों के बीच ज्ञान का मल्लयुद्ध होता था और अपनी विद्वत्ता सिद्ध करने वाले को सम्मान मिलता था। उन्होंने कहा कि मिर्जापुर की सामाजिक, राजनीतिक और साहित्यिक परंपराओं में ज्ञान का विशाल भंडार है। इस ज्ञान को व्यवस्थित रूप से लिपिबद्ध करने की जरूरत है, ताकि आने वाली पीढ़ियां इसका लाभ उठा सकें।
वक्ताओं ने बताया ज्ञान और संस्कृति का संरक्षक
वरिष्ठ नागरिक संगठन के अरुण मिश्र ने बदलते समय और साहित्यिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि नए पन्ने गढ़े जा रहे हैं, जबकि पुराने पन्ने फड़फड़ाकर उड़ते जा रहे हैं। ऐसे में पुरानी पीढ़ी के अनुभवों और ज्ञान को संरक्षित करना जरूरी है।
समारोह में विभूति मिश्र, प्रो. किरण प्रकाश, केबी महाविद्यालय के प्राचार्य रविंद्र द्विवेदी, आशा राय, डॉ. एसएन पाठक, अशोक सिंह, इरफान कुरैशी, आशा पांडेय, अनिल यादव, प्रभात मिश्र, शक्ति श्रीवास्तव, विश्वजीत दुबे, राजकुमार उपाध्याय, संतोष श्रीवास्तव और पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनिल सिंह सहित अन्य लोगों ने भी अपने विचार रखे और बृजदेव पांडेय के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में राम भद्राचार्य विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिशिर पांडेय ने अतिथियों, वक्ताओं और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।




