वरिष्ठ संवाददाता
दिलीप सिंह रावत
राजधानी/ लखनऊ
*नगर निगम एवं जलकल कर्मियों की समस्याओं के समाधान हेतु संघ ने उठाई आवाज़*
__________________________
*लखनऊ।* अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव की अध्यक्षता में नगर निगम एवं जलकल कर्मचारी संघ के साथ बैठक हुई। अपर नगर आयुक्त महोदय ने नगर निगम एवं जलकल कर्मचारियों की विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान तथा उनके सेवा सम्बन्धी अधिकारों के संरक्षण के लिए शीघ्र कार्यवाही किये जाने हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये।
संघ के अध्यक्ष आनन्द कुमार मिश्र ने कहा कि नगर निगम एवं जलकल विभाग के कर्मचारी शहर की स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था तथा नागरिक सुविधाओं को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद कर्मचारियों की कई समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। इनका समयबद्ध निस्तारण किया जाना आवश्यक है।
संघ की प्रमुख मांगें निम्नलिखित हैं—
1. नगर निगम एवं जलकल कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
2. जलकल कर्मचारियों को नगर निगम कर्मचारियों की भांति ₹250 प्रतिमाह नगर निगम भत्ता अनुमन्य किया जाए।
3. धारा-108 के अंतर्गत कार्यरत अस्थायी कर्मचारियों के वेतन में समानता सुनिश्चित करते हुए विनियमितीकरण एवं स्थायीकरण की कार्रवाई पूर्ण की जाए।
4. चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को द्वितीय श्रेणी लिपिक तथा अन्य पदों पर नियमानुसार विभागीय पदोन्नति का लाभ दिया जाए।
5. जलकल कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के उपरांत पेंशन बुक समय से जारी की जाए।
6. जलकल विभाग में कार्यदायी संस्था के माध्यम से कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों को न्यूनतम ₹19,800 प्रतिमाह वेतन दिया जाए।
7. नगर निगम एवं जलकल विभाग के समस्त विभागों में विभिन्न संवर्गों के रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण की जाए।
8. अस्थायी कर्मचारियों के वर्षों से लंबित डीए एवं बोनस की धनराशि का तत्काल भुगतान किया जाए।
9. कर्मचारियों की व्यक्तिगत पत्रावलियों का समुचित परीक्षण एवं ऑडिट विभाग द्वारा समय से पूर्ण कराया जाए, ताकि सेवानिवृत्ति से पूर्व समस्त आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण हो सकें।
10. नियमित कर्मचारियों को आवास की समस्या के समाधान हेतु नगर निगम की रिक्त पड़ी भूमि को चिह्नित कर नियमानुसार भूखंड आवंटन किये जाए।
11. संघ ने नगर प्रशासन से मांग की है कि कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये जाएं ।
आनन्द कुमार मिश्र, अध्यक्ष एवं महामंत्री सैय्यद कैसर रज़ा सहित सभी उपस्थित प्रतिनिधियों ने एक स्वर में लंबित मांगों पर बल देते हुए समयबद्ध समुचित कार्रवाई किए जाने की मांग की गई।
निगम एवं जलकल कर्मचारी संघ, लखनऊ ने कहा कि कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों का समाधान होने से उनका मनोबल बढ़ेगा और नगर निगम की सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी। संघ को आशा ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि नगर निगम प्रशासन कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक एवं समयबद्ध निर्णय लेगा।
बैठक में संरक्षक शशि कुमार मिश्र, अध्यक्ष आनन्द कुमार मिश्र, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतीश सिंह, उपाध्यक्ष, चंद्र मोहन, हरिशंकर पाण्डेय, विभा रानी यादव, महामंत्री सैय्यद कैसर रज़ा, कोषाध्यक्ष संतोष श्रीवास्तव, विधिक सलाहकार आर पी सिंह मंत्री विजय कुमार श्रीवास्तव, संतोष अरुणा, संयुक्त मंत्री संजय चंद्रा, आयुष पंत, अमित सिंह, अब्दुल रशीद व अन्य वरिष्ठ कर्मचारी नेता उपस्थित रहे।




