विशेष रिपोर्ट
अनुराग सिंह बिष्ट
उत्तर प्रदेश/ भदोही
*पाइपलाइन डालने के बाद सड़कों की मरम्मत न होने पर अतहर अंसारी ने मंत्री ए.के. शर्मा से की शिकायत*
भदोही। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती नरगिस अतहर अंसारी के पति अतहर अंसारी ने उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा से मुलाकात कर भदोही नगर में चल रही नगरीय पेयजल योजना के कार्यों में बरती जा रही लापरवाही का मुद्दा उठाया।
अतहर अंसारी ने मंत्री जी को अवगत कराया कि जल निगम द्वारा नगरीय पेयजल योजना के अंतर्गत नगर के विभिन्न मोहल्लों में पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कों एवं गलियों की खुदाई की गई है, लेकिन पाइपलाइन डालने के बाद संबंधित विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त सड़कों की समुचित मरम्मत नहीं कराई जा रही है। इससे स्थानीय नागरिकों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर सड़कें खुदी हुई एवं खराब स्थिति में हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को दिक्कत हो रही है। उन्होंने मंत्री जी से मांग की कि जल निगम के अधिकारियों एवं संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्देशित कर पाइपलाइन बिछाने के बाद सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत सुनिश्चित कराई जाए।
अतहर अंसारी ने कहा कि पेयजल योजना जनता की सुविधा के लिए है, लेकिन योजना के कार्यान्वयन के दौरान नागरिकों को होने वाली परेशानियों को भी गंभीरता से लिया जाना चाहिए। विकास कार्य तभी सार्थक होंगे, जब उनके साथ जनसुविधाओं और सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जाए।
मुलाकात के दौरान भदोही नगर के सर्वांगीण विकास, सड़क, नाली, जलनिकासी, स्वच्छता, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
अतहर अंसारी ने मंत्री जी से भदोही नगर की विकास संबंधी समस्याओं पर आवश्यक संज्ञान लेकर संबंधित विभागों को उचित कार्रवाई के निर्देश देने का अनुरोध किया।




