विशेष रिपोर्ट
अनुराग सिंह बिष्ट
राजधानी/ लखनऊ
*DM के आदेश के बावजूद खुला रहा BK कॉन्वेंट इंटर कॉलेज? चुनावी बंदी के निर्देशों पर उठे सवाल*
लखनऊ के इंदिरा नगर के बुद्ध विहार, तकरोही स्थित BK कॉन्वेंट इंटर कॉलेज को लेकर जिलाधिकारी और शिक्षा विभाग के आदेशों के अनुपालन पर सवाल उठ रहे हैं।
विधान परिषद स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन से संबंधित चुनावी व्यवस्था के दौरान विद्यालय बंद रखने के निर्देशों के बावजूद कॉलेज खुला रहा और विद्यार्थियों की पढ़ाई जारी रही।
सामने आए वीडियो में छात्र-छात्राएं स्कूल जाते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिसके बाद विद्यालय बंद रखने के आदेशों के पालन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय स्तर पर यह भी आरोप लगाया जा रहा है कि यह पहली बार नहीं है, जब विद्यालय को लेकर ऐसे सवाल उठे हों। इससे पूर्व भी कई बार विद्यालय बंद रखने के आदेश जारी होने के बावजूद कॉलेज खुला रहने की बात कही जा रही है। ऐसे में सवाल है कि क्या संबंधित आदेशों का पालन सुनिश्चित कराया गया और यदि नहीं, तो जिम्मेदारों के खिलाफ अब तक क्या कार्रवाई हुई?
नर्सरी से कक्षा 12 तक के विद्यालयों को बंद रखने संबंधी निर्देश जारी किए गए थे। ऐसे में यह स्पष्ट होना जरूरी है कि ये निर्देश BK कॉन्वेंट इंटर कॉलेज पर भी लागू थे या नहीं। यदि आदेश विद्यालय पर लागू थे, तो उनके बावजूद विद्यालय खुलने के मामले में संबंधित विभाग ने क्या कदम उठाए? इस संबंध में प्रशासन और शिक्षा विभाग की स्थिति स्पष्ट होना जरूरी है।
*फीस और परीक्षा को लेकर भी शिकायतें*
विद्यालय को लेकर कुछ अभिभावकों ने फीस जमा न होने पर विद्यार्थियों को परीक्षा में बैठने से रोकने के आरोप लगाए हैं। कॉपी-किताब और अन्य शैक्षणिक सामग्री के नाम पर अतिरिक्त शुल्क वसूले जाने की शिकायतें भी सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना और विद्यालय प्रबंधन का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।
मामले में जिला प्रशासन, जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS), जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) और संबंधित शिक्षा विभाग से चुनावी बंदी के आदेशों की लागू स्थिति स्पष्ट करने तथा अभिभावकों की शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की जाती है।
अब देखना होगा कि खबर सामने आने और वीडियो में छात्र-छात्राओं के स्कूल जाते दिखाई देने के बाद जिला प्रशासन तथा संबंधित शिक्षा विभाग इस मामले में क्या कदम उठाते हैं। क्या BK कॉन्वेंट इंटर कॉलेज के खिलाफ जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, पूर्व में जारी बंदी के आदेशों के अनुपालन की भी जांच होगी या मामला यूं ही ठंडे बस्ते में चला जाएगा?
प्रधान संपादक विशेष रिपोर्ट




