वरिष्ठ संवाददाता
अमित सिंह बिष्ट
उत्तर प्रदेश/ वाराणसी
*जनसुनवाई में कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने सुनीं दर्जनों समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश*
रामनगर/वाराणसी।। कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने प्रत्येक मंगलवार की भांति आज भी रामनगर के श्यामा उपवन में नियमित जनसुनवाई की। इस दौरान कई दर्जन लोग अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे और विधायक के समक्ष अपनी बात रखी। विधायक ने एक-एक कर सभी की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान कई बुजुर्गों ने वृद्धावस्था पेंशन कई महीनों से रुके होने की समस्या बताई। कुछ लाभार्थियों ने बताया कि पेंशन की राशि धीरे-धीरे मिल रही है लेकिन अभी भी कुछ पैसा बकाया है। इस पर विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर आश्वस्त किया कि शेष धनराशि भी लाभार्थियों को प्राप्त होगी। वहीं कुछ लोगों ने बिजली बिल जमा न कर पाने के कारण विद्युत कनेक्शन काटे जाने की समस्या रखते हुए दोबारा कनेक्शन जुड़वाने की गुहार लगाई। विधायक ने उनकी आर्थिक स्थिति को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक सहायता और नियमानुसार समाधान सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। जनसुनवाई में जन्म प्रमाण पत्र एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने में आ रही दिक्कतों को लेकर भी लोग पहुंचे। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को इन मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के लिए निर्देशित किया। इसी क्रम में नई बस्ती की एक बुजुर्ग महिला ने अपने पड़ोसी पर घर की चारदीवारी के भीतर जबरन ढलाई कार्य कराने का आरोप लगाते हुए शिकायत की। विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने तत्काल संबंधित अधिकारियों से बात कर मामले में हस्तक्षेप किया और विवादित निर्माण कार्य को तत्काल रुकवाने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य जनता की समस्याओं को सीधे सुनना और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कराना है। किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े इसके लिए अधिकारियों को लगातार निर्देशित किया जा रहा है।




