लखनऊ।
यूपी/हेड
राजीव आनन्द
नौ अक्टूबर को लखनऊ में प्रदर्शन करेगी आम आदमी पार्टी
आम आदमी पार्टी के अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल ने कहा कि देश में निष्पक्ष चुनाव प्रणाली पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। SIR के नाम पर मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर धांधली करके मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार द्वारा सीधे तौर पर वोट चोरी का खेल खेला गया है। इसी गंभीर मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आह्वान पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर पार्टी 9 अक्टूबर 2026 को लखनऊ में एक विशाल और जोरदार विरोध प्रदर्शन करने जा रही है।
विनय पटेल ने आरोप लगाया कि लोकतंत्र की नींव जनता का मताधिकार होता है, लेकिन आज संवैधानिक पदों पर बैठे लोग ही निष्पक्षता की धज्जियां उड़ा रहे हैं। SIR की आड़ में मतदाता सूचियों में भारी गड़बड़ी की गई है, जिससे यह साफ जाहिर होता है कि जनता के जनादेश को प्रभावित करने की सोची-समझी साजिश चल रही है, उन्होंने कहा कि जिस मुख्य निर्वाचन आयुक्त पर निष्पक्ष चुनाव कराने की जिम्मेदारी है, वही अगर वोट चोरी के आरोपों के घेरे में आ जाए तो उसे अपने पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है, ज्ञानेश कुमार को तुरंत अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राज्यसभा सांसद व प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के स्पष्ट निर्देश पर आम आदमी पार्टी अब इस तानाशाही के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी।
उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ आम आदमी पार्टी की नहीं, बल्कि देश के संविधान, लोकतंत्र और हर आम नागरिक के वोट के अधिकार को बचाने की निर्णायक लड़ाई है, वोट चोरी करके लोकतंत्र की हत्या करने के किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विनय पटेल ने अयोध्या प्रांत सहित पूरे उत्तर प्रदेश के पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे 9 अक्टूबर 2026 को भारी से भारी संख्या में लखनऊ पहुंचे और इस विरोध प्रदर्शन में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें, उन्होंने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं हो जाता और मतदाता सूची में निष्पक्षता बहाल नहीं होती, तब तक आम आदमी पार्टी का यह संघर्ष पूरी मजबूती से जारी रहेगा।




