ब्यूरो रिपोर्ट
अमित सिंह
राजधानी/ लखनऊ
*छात्राओं को HIV, PCOD और STI पर जागरूक किया*
_________________________
*लखनऊ।* खुन-खुन जी गर्ल्स डिग्री कॉलेज, चौक, लखनऊ में छात्राओं के लिए HIV, PCOD और STI (यौन संचारित संक्रमण) पर स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उद्देश्य छात्राओं को इन विषयों की सही जानकारी देना और उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाना था।
मुख्य वक्ता क्वीन मैरी अस्पताल, लखनऊ की पीपी यूनिट से डॉ. दीपाली श्रीवास्तव रहीं।
उन्होंने HIV के कारण, संक्रमण के प्रमुख माध्यम, बचाव के उपाय और इससे जुड़ी भ्रांतियों पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सही जानकारी और सावधानी से संक्रमण का जोखिम कम किया जा सकता है, और जागरूकता से सामाजिक भेदभाव भी घटाया जा सकता है।
PCOD पर उन्होंने मासिक धर्म की अनियमितता, हार्मोनल असंतुलन और जीवनशैली के असर को समझाया। संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और समय पर चिकित्सकीय परामर्श पर विशेष जोर दिया।
STI काउंसलर विभूति गुप्ता ने यौन संचारित संक्रमण के लक्षण, बचाव, समय पर जांच और इलाज के महत्व को सरल भाषा में बताया। छात्राओं को संदेश दिया गया कि स्वास्थ्य संबंधी समस्या छिपाने के बजाय योग्य चिकित्सक से सलाह लेनी चाहिए।
कार्यक्रम में छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी की और अपने सवाल पूछे, जिनका वक्ताओं ने वैज्ञानिक ढंग से समाधान किया।
स्वागत मे प्राचार्या ने छात्राओं से अगर समस्या है तो संकोच छोड़कर प्रश्न पूछने के लिए प्रेरित किया l आभार डॉ. अनामिका सिंह राठौर ने व्यक्त किया। संयोजन डॉ. स्नेह लता शिवहरे ने किया l




