छोटी दीपावली के अवसर पर रामनगरी अयोध्या भव्य दीपोत्सव के लिए पूरी तरह तैयार है। सरयू नदी के किनारे स्थित सभी 56 घाटों को दीपों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। पूरी अयोध्या नगरी रोशनी से जगमगा रही है। इस बार आयोजन को खास बनाने के लिए 3D स्क्रीन पर रामायण के प्रमुख प्रसंगों को भी दिखाया जा रहा है।
दीपोत्सव के भव्य कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन अयोध्या पहुंचेंगे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस आयोजन में मौजूद रहेंगे।
अयोध्या में 30 लाख से अधिक दीप जलाकर बनेगा नया रिकॉर्ड
इस बार अयोध्या का दीपोत्सव कई मायनों में खास होने वाला है। राम की पैड़ी समेत सरयू नदी के 56 घाटों पर 30 लाख से ज्यादा दीपक जलाए जाएंगे। इसके साथ ही सरयू तट पर 2,100 बटुकों द्वारा महाआरती की जाएगी।
कार्यक्रम का एक बड़ा आकर्षण 2,100 ड्रोन के जरिए होने वाला रामायण आधारित विशेष शो होगा। इसमें आसमान में ड्रोन की मदद से रामायण के विभिन्न प्रसंगों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। रोशनी, लेजर शो और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच अयोध्या में 10वें दीपोत्सव का आयोजन भव्य तरीके से किया जाएगा।
अयोध्या दीपोत्सव 2026 का पूरा कार्यक्रम और समय
दीपोत्सव के दिन अयोध्या में सुबह से लेकर रात तक कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों का निर्धारित समय इस प्रकार है:
सुबह 10:00 बजे: साकेत डिग्री कॉलेज से भव्य झांकी निकाली जाएगी।
दोपहर 2:00 बजे: झांकी रामकथा पार्क पहुंचेगी।
दोपहर 2:15 बजे: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
दोपहर 2:30 बजे: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का अयोध्या आगमन होगा।
इसके बाद: मुख्यमंत्री और उपराष्ट्रपति राम मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे।
दोपहर 3:25 से 3:40 बजे: भगवान श्रीराम और माता सीता के स्वरूप हेलीकॉप्टर से रामकथा पार्क पहुंचेंगे। यहां भरत मिलाप का आयोजन होगा।
दोपहर 3:50 से 4:10 बजे: राम-जानकी की पूजा-अर्चना, आरती और भगवान श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक किया जाएगा।
शाम 4:25 से 4:40 बजे: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
शाम 5:35 से 5:55 बजे: नया घाट पर सरयू नदी की आरती होगी।
शाम 6:00 से 6:25 बजे: राम की पैड़ी पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित होगा।
शाम 6:25 से 6:55 बजे: 3D प्रोजेक्शन, रामायण पर आधारित लेजर शो और ड्रोन शो का आयोजन होगा।
शाम 6:55 से 7:05 बजे: राम की पैड़ी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन होगा।
शाम 7:40 से 7:50 बजे: भव्य आतिशबाजी के साथ कार्यक्रम में आकर्षण बढ़ेगा।
सुरक्षा के लिए अयोध्या में कड़े इंतजाम
दीपोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे अयोध्या क्षेत्र को सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से 20 जोन और 53 सेक्टर में विभाजित किया गया है।
सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस के साथ CRPF और PAC के जवानों को भी सौंपी गई है। इसके अलावा बम निरोधक दस्ते और अग्निशमन विभाग की टीमें भी तैनात रहेंगी। प्रशासन की कोशिश है कि दीपोत्सव के सभी कार्यक्रम सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हों।




