उत्तर प्रदेश लखनऊ।
यूपी/हेड
राजीव आनन्द
दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस की पैनी नजर, डीसीपी पूर्वी ने किया निरीक्षण।

नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा पर्व के मद्देनजर पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं, रविवार को पुलिस उपायुक्त पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा ने अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी एवं सहायक पुलिस आयुक्त विभूतिखंड के साथ सर्किल विभूतिखंड क्षेत्र में स्थित विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पंडालों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था से जुड़ी व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने, पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने दुर्गा पूजा पंडालों के संचालकों से भी मुलाकात की और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।




