लखनऊ।
यूपी/हेड
राजीव आनन्द
आरएलडी छात्रसभा का कैंपस कनेक्ट’ कार्यक्रम संपन्न।
युवाओं को शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सरोकारों से जोड़ना अभियान का प्रमुख उद्देश्य: अमन पांडे।
गोपीनाथ पीजी कॉलेज में गुरुवार को राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) छात्रसभा के प्रदेशव्यापी ‘कैंपस कनेक्ट’ अभियान के अंतर्गत एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आरएलडी छात्रसभा के प्रदेश अध्यक्ष अमन पांडे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर समाजसेवी हिमांशु राय भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। कॉलेज की प्राचार्या सुधा तिवारी ने अतिथियों का स्वागत किया तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आरएलडी छात्रसभा के प्रदेश अध्यक्ष अमन पांडे ने कहा कि ‘कैंपस कनेक्ट’ अभियान राष्ट्रीय लोकदल छात्रसभा की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य प्रदेश के युवाओं और विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद स्थापित करना तथा उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और विचारों को समझना है।
उन्होंने कहा कि युवा किसी भी देश और प्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। उनकी प्रतिभा, ऊर्जा और रचनात्मक सोच को सकारात्मक दिशा देकर समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान सुनिश्चित किया जा सकता है। इसी उद्देश्य से राष्ट्रीय लोकदल छात्रसभा ने विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर उनकी आवाज को एक सशक्त मंच प्रदान करने का संकल्प लिया है।
अमन पांडे ने कहा कि आज विद्यार्थियों के सामने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार के अवसर, शैक्षणिक सुविधाओं, बेहतर भविष्य और अपनी प्रतिभा को विकसित करने जैसी अनेक महत्वपूर्ण चुनौतियां हैं। इन विषयों पर विद्यार्थियों से सीधा संवाद स्थापित करना और उनकी समस्याओं को समझना आवश्यक है। ‘कैंपस कनेक्ट’ अभियान के माध्यम से छात्र-छात्राओं को अपनी बात रखने, अपने सुझाव देने और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल छात्रसभा विद्यार्थियों के अधिकारों, उनके शैक्षणिक हितों और उनके उज्ज्वल भविष्य से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के साथ उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने आगे कहा कि चौधरी चरण सिंह जी ने सदैव किसान, गरीब, वंचित और नौजवानों के हितों को प्राथमिकता दी। उनके विचारों और सामाजिक न्याय की भावना से प्रेरणा लेते हुए राष्ट्रीय लोकदल युवाओं की भागीदारी को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। आज आवश्यकता है कि विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त करने के साथ-साथ सामाजिक और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को भी समझें तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही एक जागरूक, समावेशी और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
अमन पांडे ने कहा कि ‘कैंपस कनेक्ट’ केवल विद्यार्थियों से संपर्क स्थापित करने का अभियान नहीं, बल्कि युवा नेतृत्व तैयार करने, छात्र हितों को मजबूती से उठाने और युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का एक व्यापक प्रयास है। इसके माध्यम से प्रदेश के विभिन्न कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में छात्र-छात्राओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस अभियान से बड़ी संख्या में विद्यार्थी जुड़ेंगे और राष्ट्रीय लोकदल छात्रसभा युवाओं की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने तथा उनके समाधान की दिशा में सकारात्मक भूमिका निभाएगी।
कॉलेज की प्राचार्या सुधा तिवारी ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा, सामाजिक सहभागिता और युवा नेतृत्व के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ समाज की समस्याओं को समझने और उनके समाधान में भी अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, विचारों के आदान-प्रदान और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने की दिशा में उपयोगी बताया।
कार्यक्रम में कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान शिक्षा व्यवस्था, रोजगार की संभावनाओं, छात्र हितों, युवाओं की सामाजिक भागीदारी तथा परिसर स्तर पर संगठन को मजबूत करने जैसे विषयों पर चर्चा की गई। विद्यार्थियों के साथ संवाद के माध्यम से उनकी अपेक्षाओं और विचारों को जानने का प्रयास भी किया गया।
आरएलडी छात्रसभा के पदाधिकारियों ने बताया कि ‘कैंपस कनेक्ट’ अभियान प्रदेश के विभिन्न कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों के साथ सीधा संपर्क स्थापित करना, उनकी समस्याओं को समझना, छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देना और युवाओं को सकारात्मक सामाजिक एवं लोकतांत्रिक गतिविधियों से जोड़ना है।
राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने बताया कि विगत 28 सितंबर को राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश कार्यालय में छात्रसभा के प्रदेशव्यापी ‘कैंपस कनेक्ट’ अभियान का शुभारंभ किया गया था। उसी अभियान की कड़ी में गोपीनाथ पीजी कॉलेज में यह पहला कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से प्रदेश के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में अध्ययनरत युवाओं से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा तथा उन्हें शिक्षा, रोजगार, छात्र हितों और सामाजिक जिम्मेदारियों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
मयंक त्रिवेदी ने कहा कि ‘कैंपस कनेक्ट’ का मुख्य उद्देश्य युवाओं को केवल संगठन से जोड़ना ही नहीं, बल्कि उनकी समस्याओं को समझना, उनकी आवाज को उचित मंच देना और उनमें नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता विकसित करना भी है। इस अभियान के अंतर्गत छात्र-छात्राओं के बीच संवाद, छात्र पंचायत तथा शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं से जुड़े समसामयिक विषयों पर चर्चा को प्रोत्साहित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंच बनाई जा सके। राष्ट्रीय लोकदल छात्रसभा का प्रयास है कि युवाओं को अपनी समस्याओं और सुझावों को सामने रखने के लिए एक प्रभावी मंच मिले तथा वे शिक्षा, रोजगार, सामाजिक विकास और लोकतांत्रिक भागीदारी से जुड़े विषयों में सक्रिय भूमिका निभा सकें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ‘कैंपस कनेक्ट’ अभियान प्रदेश में युवा संवाद और छात्र हितों को मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।




