उत्तर प्रदेश/लखनऊ
यूपी/हेड
राजीव आनन्द
ब्राह्मण युवक की पिटाई का मामला गरमाया, चौकी प्रभारी पर भी कार्रवाई की मांग।
पार्षद पर कार्रवाई के बाद अब घैला चौकी प्रभारी राजदीप चौधरी पर उठे सवाल।

मड़ियांव थाना क्षेत्र के घैला चौकी अंतर्गत पार्षद पर ब्राह्मण युवक की पिटाई करने के आरोप का मामला गरमा गया है। घटना को लेकर ब्राह्मण महासभा ने जगलाल टंकी के पास धरना-प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शनकारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
मामले में अब घैला चौकी प्रभारी राजदीप चौधरी की भूमिका पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चौकी पर दबाव बनाकर पीड़ित पक्ष से सुलह-समझौता कराया गया था। प्रदर्शनकारियों ने चौकी प्रभारी के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठाई है।
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में घैला चौकी पर पैसों के लेन-देन और अनियमितताओं को लेकर शिकायतें सामने आ चुकी हैं। शिकायतें उच्चाधिकारियों तक पहुंचने के बावजूद कार्रवाई का इंतजार है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पार्षद पर कार्रवाई हुई तो चौकी प्रभारी पर कब होगी? आखिर पुलिस विभाग में जवाबदेही कब तय होगी ?





