वरिष्ठ संवाददाता
अशोक सिंह नेगी
उत्तर प्रदेश/ आजमगढ़
*मिशन शक्ति 6.0 का शंखनाद! आजमगढ़ में महिला सुरक्षा के साथ साइबर ठगों के खिलाफ जागरूकता अभियान तेज*
*आजमगढ़।* महिला सुरक्षा, नारी सम्मान और साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से आजमगढ़ पुलिस ने मिशन शक्ति फेज-6.0 एवं साइबर जागरूकता अभियान के तहत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया। थाना सिधारी पुलिस ने डेंटल कॉलेज इटौरा, आजमगढ़ रेलवे स्टेशन और एसएन कॉन्वेंट स्कूल में छात्र-छात्राओं एवं आमजन को जागरूक करते हुए महिला सुरक्षा और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए।
*डिजिटल अरेस्ट से फर्जी लिंक तक, साइबर ठगी के तरीकों का खुलासा*
अभियान के दौरान प्रोजेक्टर, पीपीटी और पम्पलेट के माध्यम से डिजिटल अरेस्ट, ईमेल फिशिंग, फर्जी लिंक, म्यूल अकाउंट, फर्जी ऐप और ऑनलाइन साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई। पुलिस ने लोगों को आगाह किया कि साइबर अपराधी तरह-तरह के प्रलोभन और धमकियों के जरिए उनकी मेहनत की कमाई ठगने का प्रयास करते हैं।
*पुलिस की अपील—OTP और UPI PIN किसी से साझा न करें*
जागरूकता कार्यक्रम में लोगों को सलाह दी गई कि किसी के साथ ओटीपी, पासवर्ड और यूपीआई पिन साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने और संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने से बचें। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर धमकी देने वालों के दबाव में न आएं। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल *1930* पर कॉल करें या *www.cybercrime.gov.in* पर शिकायत दर्ज कराएं।
*महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर*
– *1090* — महिला हेल्पलाइन
– *112* — पुलिस आपातकालीन सेवा
– *1098* — चाइल्ड हेल्पलाइन
– *1930* — साइबर क्राइम हेल्पलाइन
यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ *डॉ. अनिल कुमार* के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात *पंकज श्रीवास्तव* के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी नगर *शुभम तोदी* के नेतृत्व में संचालित किया गया।
आजमगढ़ पुलिस का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्क एवं सजग बनाना है।




