विशेष रिपोर्ट
अनुराग सिंह बिष्ट
उत्तर प्रदेश/ बनारस
*झारखंड को आठ विकेट से हराकर यूपी फाइनल में, रविवार को पश्चिम बंगाल से मुकाबला*
_हंसराज विश्वकर्मा बोले- दिव्यांग खिलाड़ियों से सीखें हौसला बनाए रखने की प्रेरणा, बृजेश सिंह ने राष्ट्रीय पहचान दिलाने का दिया भरोसा_
वाराणसी। सिगरा स्टेडियम में चल रही टी-20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता ‘सेवा संकल्प ट्रॉफी’ में शनिवार को उत्तर प्रदेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए झारखंड को आठ विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब रविवार को खिताबी मुकाबले में उत्तर प्रदेश की भिड़ंत पश्चिम बंगाल से होगी। प्रतियोगिता के दूसरे दिन राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा और पूर्व विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिता के दूसरे दिन राज्य मंत्री (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम) एवं विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा और पूर्व विधान परिषद सदस्य विजय सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा बल्ले से गेंद खेलकर मैच का शुभारंभ किया।
मुकाबले में झारखंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 48 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से नौ अतिरिक्त रन बने, लेकिन कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका। उत्तर प्रदेश के सुजीत कुमार ने घातक गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में महज दो रन देकर चार विकेट झटके। 49 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तर प्रदेश की टीम ने 10 ओवर में दो विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। आठ विकेट से जीत दर्ज कर यूपी ने फाइनल में जगह बनाई। रविवार को उसका सामना पश्चिम बंगाल से होगा, जो पहले ही फाइनल में पहुंच चुका है।इस अवसर पर हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि दिव्यांग क्रिकेटरों से जीवन में हौसला बनाए रखने की सीख लेनी चाहिए। परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, उनसे डटकर मुकाबला करना चाहिए और कभी हिम्मत नहीं हारनी चाहिए। वहीं, पूर्व विधान परिषद सदस्य एवं श्री जगन्नाथ मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष बृजेश सिंह ने कहा कि दिव्यांग क्रिकेट समेत प्रदेश के सभी खेलों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव संजय चौरसिया ने किया। आयोजन समिति के अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान शशि भूषण त्रिपाठी, रवि प्रताप सिंह (साजन), श्री जगन्नाथ मंदिर ट्रस्ट के सचिव शैलेश त्रिपाठी, समाजसेवी रामयश मिश्रा, दिलीप मिश्रा, हिमांशु सिंह, अखिलेश यादव, रोशन द्विवेदी और चंदन सिंह सिसोदिया समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।



